सुनील कपूर
नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
रुड़की।उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कताऊ और त्वरित कार्रवाई से दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.09.2026 को गाड़ी संख्या 19020 बांद्रा एक्सप्रेस में हरिद्वार से रुड़की के बीच टिकट चेकिंग के दौरान सीआईटी रुड़की श्री प्रमोद कुमार, श्री राम अवतार, श्री लोकेश कुमार एवं डिप्टी सीआईटी श्री शेखर सैनी को जनरल कोच में दो नाबालिग बच्चे बिना टिकट यात्रा करते मिले।सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, मुरादाबाद से प्राप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ चौकी रुड़की के स्टाफ द्वारा ट्रेन को रुड़की रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर अटेंड किया गया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे पारिवारिक कारणों से घर से निकलकर दिल्ली स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे।बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ चौकी रुड़की ने तुरंत रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन हरिद्वार को सूचना दी। सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपरवाइजर श्री निर्मल दास एवं केस वर्कर श्री आदित्य कुमार आरपीएफ चौकी पहुंचे।आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को 13.09.2026 को शाम 16:10 बजे सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।रेल प्रशासन ने टिकट चेकिंग स्टाफ एवं आरपीएफ कर्मियों की संवेदनशीलता की सराहना की है और यात्रियों से अपील की है कि किसी भी नाबालिग बच्चे को अकेले या असुरक्षित स्थिति में देखने पर तुरंत आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दें।

