नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। मंडल में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधार, नेशनल हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन पर रोक और हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में आज मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडल में सड़क हादसों की स्थिति, सेफ्टी ऑडिट, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, सोलैटियम योजना के लंबित मामलों और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर साइनेज, रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर की व्यवस्था दुरुस्त करने और चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।*ई-रिक्शा पर नियंत्रण के निर्देश*मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन और ई-रिक्शा में माल ढोने पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। नियम तोड़ने वाले ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।*1335 लाइसेंस निलंबित*बैठक में बताया गया कि जनवरी से अगस्त 2026 तक मंडल में 1335 ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। मंडलायुक्त ने इसे संतोषजनक बताते हुए कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।*सोलैटियम योजना के 78 मामले लंबित*मंडलायुक्त ने सोलैटियम स्कीम के 78 लंबित प्रकरणों, जिनमें 41 अकेले मुरादाबाद जनपद के हैं, का शीघ्र निस्तारण करने और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ देने के निर्देश दिए।*मिशन सेफ फ्यूचर 3.0*बैठक में मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत स्कूलों में चल रही सड़क सुरक्षा गतिविधियों की भी समीक्षा हुई। मंडलायुक्त ने पुलिस, शिक्षा और परिवहन विभाग को समन्वय बनाकर हर स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता, हेलमेट के प्रति आदत और स्कूली वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में रोड सेफ्टी क्लब को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

