नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अधिवक्ता समाज के हित में लिए गए बड़े फैसलों का मुरादाबाद में अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता ने कचहरी प्रांगण में अधिवक्ता साथियों के साथ मिठाई बांटकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।मुरादाबाद। कचहरी प्रांगण में आज भाजपा महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अधिवक्ताओं के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं की सराहना की।इस अवसर पर मनोज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अधिवक्ताओं के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अधिवक्ता कल्याण निधि से मिलने वाली सहायता राशि को 1.50 लाख से बढ़ाकर 5 लाख करना, मृत्यु की स्थिति में परिजनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की आयु सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 70 वर्ष करना और जिला न्यायालय, उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय में राज्य के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने वाले विधि अधिकारियों की फीस में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। यह सरकार की अधिवक्ता समाज के प्रति संवेदनशीलता और कल्याणकारी सोच को दर्शाता है। अधिवक्ता समाज की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए समस्त अधिवक्ता गण मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।इस मौके पर महेंद्र सिंह, अतुल चौधरी, राजीव पाल, मुखिया पक्ष, गौतम चौधरी, रणबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, शमशाद हुसैन, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


