नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। मुरादाबाद में देशी शराब पर ओवर रेटिंग और मंदिर-स्कूलों के पास शराब की दुकानें संचालित होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (संविधान) ने आज मंडलायुक्त कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने तीन दिन में कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।मंडल अध्यक्ष ठाकुर मंजु राठौर के नेतृत्व में मंगलवार को भाकियू संविधान के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मंडलायुक्त महोदया को ज्ञापन सौंपा।संगठन का आरोप है कि जनपद में देशी शराब की दुकानों पर खुलेआम ओवर रेटिंग हो रही है। मंदिर और शिक्षण संस्थानों के आस-पास शराब की दुकानें चल रही हैं। निर्धारित समय से पहले और बाद में भी बिक्री हो रही है। साथ ही देशी शराब की कैंटीनों में सामान दस गुना महंगे दामों पर बेचा जा रहा है और अंग्रेजी शराब की दुकानों में कैंटीनें खुलेआम चल रही हैं। दुकानों के बाहर मीट-मुर्गे के ठेले लगने से आम लोगों को परेशानी हो रही है।राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने कहा कि इस संबंध में 4 अगस्त और 1 सितंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि तीन दिन के अंदर अवैध वसूली और अनियमितताएं बंद नहीं हुईं तो संगठन मंडलायुक्त कार्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करेगा।प्रदर्शन के दौरान डॉ. असलम पाशा, आँचल कश्यप, अनिल तोमर, अजय सैनी, रामोतार सागर, वीर बहादुर कश्यप, राजेश कश्यप, संदीप कश्यप, अर्जुन सैनी, स्वाति देवी, ओमप्रकाश कश्यप समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


