नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। अपने कार्यकाल में घोटालों के लिए मशहूर रहे मुरादाबाद के पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार एक बार फिर नए मामले को लेकर सुर्खियों में है। मुरादाबाद के सरकारी पीएम श्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब हेतु क्रय किए गए फर्नीचर की खरीद में एक ही खास फर्म से हुई सेंट्रल पर्चेजिंग ओर अनियमितताओं के मामले की शिकायत अब लोकायुक्त उत्तर प्रदेश के यहां पहुंच गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोकयुक्त कार्यालय के द्वारा शिकायकर्ता से नोटरी का शपथ पत्र और परिवाद दर्ज कराने हेतु निर्धारित शुल्क जमा करने के लिए पत्र जारी करते हुए प्रकरण को स्वीकार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि शिकायकर्ता के द्वारा लोकायुक्त कार्यालय से मांगी गई सूचनाएं और शुल्क जमा किए जाने के बाद मामले की विधिवत जांच शुरू हो जाएगी और शिकायत के सही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही हो सकती है। इस मामले में तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, जिला समन्वयक निर्माण के साथ ही उनके कार्यालय के कुछ सहयोगियों के साथ ही स्कूलों के विरुद्ध गलत ढंग से फर्नीचर क्रय करने और सेंट्रल पर्चेजिंग करने की शिकायत की गई है।
मुरादाबाद में कार्यकाल के दौरान कई अन्य घोटालों में भी संलिप्तता पाए जाने और ऑफिस में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की वजह से चर्चा में रह चुके हैं पूर्व बीएसए विमलेश कुमार। इससे पहले जनपद कुशीनगर में हो चुके हैं निलंबित।

