नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। शहर स्थित गांधी मैदान में आयोजित भव्य जनसभा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। विधानसभा क्षेत्र मुरादाबाद शहर, कुंदरकी और मुरादाबाद देहात की इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 365.5083 करोड़ रुपए है।
मुख्यमंत्री ने जनसभा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया साथ ही बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
माननीय मुख्यमंत्री ने व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर दानवीर भामाशाह जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि हमारी संपत्ति और वैभव राष्ट्र की सुरक्षा में कैसे सहायक हो सकते हैं दानवीर भामाशाह का प्रेरणादाई कृतित्व इसका उदाहरण है।
उन्होंने प्रदेश भर के व्यापारियों और उद्यमियों को इस अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि जो भी उद्यमी या व्यापारी जीएसटी में रजिस्ट्रेशन कराते हैं उन्हें डबल इंजन की सरकार दुर्घटना होने की स्थिति में 10 लाख रुपए का बीमा कवर उपलब्ध कराती है।
व्यापारियों की सामर्थ्य प्रदेश की प्रगति का आधार है और इस प्रगति के कारण ही आमजन के जीवन में परिवर्तन लाने तथा माननीय प्रधानमंत्री जी के विजन को धरातल पर उतरने में सफल हो पाते हैं।
उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले का मुरादाबाद और आज के मुरादाबाद में जमीन आसमान का अंतर है। आज का मुरादाबाद गुरु जंभेश्वर के नाम पर अपने विश्वविद्यालय के लिए जाना जाता है, आज मुरादाबाद पीतल नगरी के रूप में नहीं पहचान स्थापित कर रहा है और युवाओं की प्रतिभा, अन्नदाता किसानों के लिए नवाचार की दिशा में अपनी पहचान बना रहा है। निर्यात के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के हब के रूप में मुरादाबाद विकसित हो रहा है।
यहां श्री राम वाटिका और संविधान पार्क हैं इसके साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति भी आदर और सम्मान का भाव व्यक्त किया जा रहा है।
आज नए भारत का नया उत्तर प्रदेश माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक नई ऊंचाई को प्राप्त कर रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय भवन की भौतिक प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाएं तथा यथाशीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें इसके साथ ही इस परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित बाढ़ रोधी कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया।



