नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता ने बुद्धि विहार फेस-2 में जनसंपर्क अभियान के दौरान सेक्टर 7 बी एवं सेक्टर 9 बी के निवासियों से संवाद किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें वर्षों से टूटी, जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की गंभीर समस्या से अवगत कराया। जनसंपर्क कार्यक्रम के तुरंत उपरांत मनोज कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी राजेन्द्र पेंंसिया से भेंट कर बुद्धि विहार फेस-2 की सड़कों, विशेष रूप से सेक्टर 7 बी एवं सेक्टर 9 बी की अत्यंत खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के शीघ्र पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों एवं जर्जर अवस्था के कारण आवागमन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण हो चुकी हैं। विशेष रूप से सेंट मेरीज़ स्कूल, बुद्धि विहार के पीछे संविधान साहित्य पार्टी कार्यालय एवं श्रीराम वाटिका से होते हुए गांधी मैदान तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। वर्षा ऋतु में इन सड़कों पर जलभराव की समस्या स्थिति को और भी गंभीर बना देती है। इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, वरिष्ठ नागरिक एवं आमजन आवागमन करते हैं, जिन्हें भारी असुविधा के साथ-साथ दुर्घटनाओं के खतरे का भी सामना करना पड़ता है। सेक्टर 9 बी की सड़कों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय बनी हुई है। स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा रोष एवं असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व उक्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने हेतु उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता को आवश्यक निर्देश प्रदान किए हैं।
वहीं क्षेत्रवासियों ने भाजपा नेता मनोज गुप्ता द्वारा इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने एवं उसके समाधान हेतु त्वरित पहल करने के आभार व्यक्त किया है।

