पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली कई हस्तियों को किया गया सम्मानित
नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 30 मई को पत्रकार स्वर्गीय श्रीमती उषा अग्रवाल की स्मृति में प्रेस क्लब भवन, कंपनी बाग में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रेस क्लब ऑफ मुरादाबाद परिवार की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें शहर की अनेक गणमान्य हस्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर श्री अंकुर श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार विभाग प्रमुख पवन जैन, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं समाजसेवी एडवोकेट मनोज गुप्ता शामिल रहे। सभी अतिथियों ने हिंदी पत्रकारिता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर समाज सेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समाज सेवा के लिए पियूष गुप्ता, अधिवक्ताओं में निःशुल्क सेवा के लिए महासचिव कपिल गुप्ता, पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य हेतु एमडी डॉ. जेपी चंदेल तथा साहित्य और टेलीफिल्म निर्माण के क्षेत्र में योगदान देने वाले कवि एवं साहित्यकार धीरेन्द्र सिंह बृजवासी को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री अंकुर श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों में अधिक युवाओं को भी जोड़ा जाना चाहिए, ताकि उन्हें पत्रकारिता का ज्ञान और मार्गदर्शन मिल सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपाध्यक्ष शिशिर कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन सहसचिव राजन सिंह राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।
