नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
रिपोर्ट/ अनुराग शर्मा
बिजनौर। बिजनौर में ठेके और संविदा पर काम कर रहे सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। हाथों में झाड़ू लेकर नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ठेका और संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मियों को स्थायी करने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने ज्ञापन में कहा कि वाल्मीकि समाज भारतीय जनता पार्टी का पारंपरिक समर्थक रहा है। हालांकि, वर्ष 2014 से 2026 तक उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज के कर्मचारियों को सरकार से किसी भी स्तर पर कोई लाभ नहीं मिल सका है। कर्मचारियों ने दावा किया कि इस कारण वाल्मीकि समाज के 85 प्रतिशत लोग कर्ज में डूबे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए ध्यान देने का आग्रह किया। ज्ञापन में बिजनौर जिले में 12 नगर पालिका और 6 नगर पंचायतें होने का भी उल्लेख किया गया। कर्मचारियों ने सरकार से अपने ‘सफाई योद्धाओं’ के बारे में विचार करने और उन्हें तत्काल नियमित करने की मांग की।


