नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद । बुद्धि बिहार स्थित व्हाइट हाउस में दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर जमकर बरसते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने का काम करती थी। मोदी सरकार आतंकवादियों को घर में घुसकर मारने का काम करती है। भारत ने 2019 के पुलवामा हमले का करारा जवाब बालाकोट एयर स्ट्राईक के रूप में दिया था। पहलगाम में नागरिकों व पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण हमले के जबाब में, भारत ने ‘आपरेशन सिंदूर’ चलाया, जिसके तहत सीमा पार स्थित आतंकवादियों के कई ठिकानों को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया। मोदी सरकार ने रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत स्वदेशीकरण को बढ़ावा दिया है। बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के समापन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। कोई भी सामान्य से सामान कार्यकर्ता इसका नेतृत्व कर सकता है। भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए कि वह केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। वर्ष 2014 के बाद देश में बहुत बड़ा बदलाव आना शुरू हुआ और वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में बड़े बदलाव की शुरुआत हुई। आज उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों की बात ‘की जाए या सरकारी विश्वविद्यालय की बात, यह प्रदेश सभी चीजों में अग्रणी है। प्रदेश में योगी नेतृत्व की सरकार आने के बाद बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, सड़क, रेल, हवाई अड्डा, बिजली, पानी सभी ने नए आयाम हासिल किए हैं। इससे पहले क्षेत्रीय महामंत्री और जिला वर्ग प्रभारी डा. विकास अग्रवाल ने विचार परिवार विषय पर कहा कि भाजपा का जो वृहद स्वरूप देखने को मिल रहा है। वह पांच पीढ़ियों की तपस्या का प्रतिफल है। भाजपा केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि ने मन की बात स्थाई कार्यक्रम विषय पर विचार रखें।
महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडुला ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और प्रयास से दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल, शहर विधायक रितेश अ अंजान, महानगर प्रभारी मोहनलाल ब सैनी, प्रशिक्षण अभियान के महानगर संयोजक धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, अर्चित गुप्ता, विशाल त्यागी, शमी भटनागर, सुनीता शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डा.
शैफाली सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान, अमित शर्मा, अल्पना रितेश गुप्ता, दीपक गोयल, डा. विशेष गुप्ता, सुरेंद्र बिश्नोई, मुकेश भारद्वाज, महेंद्र सिंह बब्बू, संजय शर्मा, अभिषेक चौबे, दीपक चौधरी, मनीष गुर्जर, दीक्षांत चौधरी, सुमित ठाकुर, बंटी सैनी, हरिओम सैनी आदि मौजूद रहे।
