नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। मुरादाबाद के ग्राम धीमरी मे टोल प्लाजा निकट प्रशासन द्वारा सीएम कंपोज़िट विद्यालय बनाने के लिए भूमि चिन्हित की गई थी। बीते दिनों जब सर्वे टीम कंपोज़िट विद्यालय की भूमि की पैमाइश करने ग्राम धीमरी पहुंची तो उसने देखा कि चिन्हित भूमि पर बाउंड्री हो रखी है टीम द्वारा जब जानकारी की गई तो पता लगा कि बाउंड्री मुरादाबाद महापौर विनोद अग्रवाल द्वारा कराई गई है जिसको टीम ने बुल्डोजर से गिरवा दिया गया था। महापौर विनोद अग्रवाल ने जमीन अपनी होने व 10 वर्ष पूर्व चंद बाबू नाम के व्यक्ति से खरीदने का दावा करते हुए एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाये थे और बुल्डोज़र कार्यवाही का कड़ा विरोध किया था व जिलाधिकारी से शिकायत की थी और दोबारा पैमाइश कराने की मांग की थी जिसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अनुज सिंह ने अपनी मौजूदगी में पैमाइश करायी थी। पैमाइश टीम द्वारा भूमि सरकारी होने की रिपोर्ट दी गई जिस को जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त और शासन को भेजते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार को पत्र लिखकर कंपोजिट विद्यालय बनवाने के आदेश जारी कर दिया थे। जिलाधिकारी की इस कार्यवाही से आगबबूला होकर महापौर मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से मिले और मुरादाबाद प्रशासन पर भरोसा न जताते हुए बाहर के प्रशासन की टीम बनाकर पैमाइश कराने की मांग की थी। मामला महापौर से जुडा़ हुआ था इसलिए गंभीरता दिखाते हुए मंडलायुक्त ने अमरोहा एडीएम के सानिध्य में एक टीम बनाकर पैमाइश कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए थे। पैमाइश टीम ने लगभग पंद्रह दिन पहले सभी बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंप दी थी। परंतु मंडलायुक्त द्वारा कुछ और बिंदुओं की तरफ ध्यान आकर्षित कराते हुए उन पर भी बारी बारी से जांच करने के आदेश जारी किए थे। वहीं नगर विधायक रितेश गुप्ता ने भी मंडलायुक्त को पत्र लिखकर जल्द पैमाइश कराकर विद्यालय निर्माण कराने की मांग उठाई थी। परंतु इतने दिन बीत जाने के बाद भी विद्यालय निर्माण आजतक अटका हुआ है। अब तो जनता भी बच्चों की शिक्षा को देखते हुए सीएम कंपोजिट विद्यालय निर्माण की मांग करने लगी है।

जल्द हो विद्यालय का निर्माण
करुला से राहत ज़ान कहते हैं कि हम भी चाहते हैं कि जल्दी स्कूल बने जिससे हिंदू और मुस्लिम दोनों के बच्चों को अच्छी शिक्षा का मौका मिल सके।
दस सराय से जय प्रकाश का कहना है कि इतने दिन हो गये हैं सरकार ने एक अच्छी पहल की थी विद्यालय बनवाने के लिए पर मेयर साहब की वजह से स्कूल नहीं बन पा रहा है तीन बार नपाई हो गई क्या एक आम आदमी के लिए हो सकती थी तीन बार नपाई और जांच ऐसा लगता है कि मेयर साहब सरकारी जमीन को कब्जाना चाहते हैं।

डबल फाटक से अनमोल सैनी कहते हैं कि मेयर साहब कितनी बार जांच करायेंगे क्या डीएम साहब की रिपोर्ट झूठी थी मेयर साहब को उन पर विश्वास नहीं है ऐसा लगता है कि अधिकारी कुछ नहीं करेंगे योगी जी को संज्ञान लेना चाहिए।
प्रकरण में प्रगति की जानकारी लेने के लिए एडीएम अमरोहा को फोन किया गया परंतु बात नहीं हो सकी
