संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित किला तिराहा पर तड़के दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। घटना प्रेम स्वीट्स दुकान के सामने की है जहाँ पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी अपने वाहनों से फरार हो गए।पुलिस का कहना है कि रामगंगा विहार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक पंवार अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें उनके गोपनीय व्यक्ति के माध्यम से सूचना मिली कि किला तिराहा पर दो पक्षों में गोलीबारी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
घटनास्थल पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर अवैध असलहों से गोलीबारी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि एक पक्ष में लकी सैनी, धुरुव धवन, सौरभ उर्फ सनी, अपिल चौहान, सहित अन्य लोग शामिल थे। दूसरे पक्ष में विशाल चौधरी उर्फ खुशी उर्फ चुहिया, अर्णव, हर्ष चौधरी उर्फ जानी, अर्पित चौधरी और कई अज्ञात लोग शामिल थे।गोलीबारी के कारण आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों व अन्य सुरक्षित स्थानों पर छिप गए। पुलिस ने आरोपियों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन वे टाटा टियागो स्कार्पियो और एक बुलेट बाइक से मौके से भाग निकले।

आरोपी को कार में बैठाकर ले गए उसके साथी
इस दौरान घायल हुए आरोपी लकी सैनी को भी उसके साथी स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। उपनिरीक्षक दीपक पंवार की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि देर रात हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। पुलिस का यह भी कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
