संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद । मुरादाबाद में सोमवार को महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस लाइन गेट से स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर पीली कोठी, फव्वारा चौराहा, बुद्ध बाजार, टाउन हाल, कचहरी रोड, चौधरी चरण सिंह चौक समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।


इस दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों का एक बड़ा कारण अशिक्षा है। बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाना बेहद जरूरी है, ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन नंबरों के व्यापक प्रचार-प्रसार, एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता, महिला बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की ओर से प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां महिला संबंधित सभी सेवाओं की एकीकृत कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। रैली में क्षेत्राधिकारी कांट अभिनव द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कटघर वरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी सिविल लाईस कुलदीप कुमार गुप्ता सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
