संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। जिलाधिकारी ने जनपद में स्कूल बसों की भौतिक स्थिति के सत्यापन के संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री आनंद निर्मल से जानकारी प्राप्त की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनपद में करीब 900 स्कूली बसें हैं जिनके सापेक्ष करीब 400 बसों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर लिया गया है और सत्यापन प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि स्कूली बसों के संबंध में मानकों का गंभीरता पूर्व पालन होना चाहिए।
सड़क सुरक्षा की बैठक के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हाल ही के दिनों में मुरादाबाद शहर में गुलाब बाड़ी और फव्वारा चौराहे पर रोडवेज बसों से घटित दुर्घटनाओं के कारणों के संबंध में रोडवेज अधिकारियों से जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने वर्ष 2026 में रोडवेज बसों से हुई दुर्घटनाओं और उनसे संबंधित वाहन चालकों के संबंध में विवरण भेजने के लिए रोडवेज के अधिकारियों को निर्देशित किया।
एसपी ट्रैफिक श्री सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रामपुर दोराहे पर रोडवेज बसें रोक कर सवारियां बैठाने की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न होती है तथा अन्य लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोडवेज बस की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, निर्धारित स्थान पर ही सवारियां बैठाई और उतारी जाएं।
रोडवेज बस अड्डे के बाहर बस रोक कर सवारियां उतारने और बैठने की परंपरा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए, इसको लेकर रोडवेज अधिकारी गंभीरता बरतें।
नेशनल हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की प्रगति के संबंध में जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक एनएचएआई से जानकारी प्राप्त की। परियोजना निदेशक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है अप्रैल में संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर जरूरी सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति के संबंध में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग के मार्ग आपस में जहां मिलते हैं उस स्थान पर सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का गंभीरता पूर्वक पालन किया जाए। सामान्य तौर पर नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग के मार्ग आपस में 90 डिग्री पर मिलते हैं जिसके परिणाम स्वरूप वाहन अचानक नेशनल हाईवे पर आ जाते हैं और दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है इसलिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ऐसे सभी स्थलों को चिन्हित करके जरूरी सुरक्षात्मक कार्य कराना सुनिश्चित करें।
अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि संपर्क मार्गों के लिए रंबल स्ट्रिप का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है स्वीकृति के उपरांत रंबल स्ट्रिप स्थापित करा दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कैच की पुलिया, छजलैट तिराहा, उमरी चौराहा, मझोला थाने के सामने, इस्लामनगर चौराहा, किला तिराहा, हनुमान मूर्ति, प्रेम वंडरलैंड, रामगंगा नदी सेतु, दाढ़ी महमूदपुर, सुरजनपुर, पंडित नगला, अगवानपुर, महमूदपुर माफी और कोहिनूर तिराहा सहित अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर कराए गए सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार पूर्वक समीक्षा की।
जिले में संचालित बैंक्वेट हॉल, होटल एवं मैरिज हॉल में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न होती है और आम जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ता है इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में आयोजित बैठक के दौरान भी यह निर्देश दिए गए थे कि बैंक्विट हॉल, होटल और मैरिज हॉल को पार्किंग के लिए प्रबंध करना अनिवार्य है इसकी प्रगति को लेकर भी जिलाधिकारी ने समीक्षा की।
इस अवसर पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह और एडीएम सिटी सुश्री ज्योति सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।
