संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय श्री कृष्णा भावनामृत संघ (इस्कान) मुरादाबाद शाखा की ओर से रविवार को भगवान कृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें वृंदावन से आया राक बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। बैंड की मधुर धुनों पर गूंजते हरे कृष्णा हरे कृष्णा, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे महामंत्र ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। जैसे-जैसे रथ आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती चली गई और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया। श्रद्धालुओं में रथ की रस्सी खींचने को के लेकर होड़ मची रही। हरे कृष्ण का जाप करते और भजनों पर श्रद्धालु झूमते चल रहे थे।

राजकीय इंटर कालेज से शुरू हुई शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि निर्यातक विनीत लोहिया और एसपी सिटी रणविजय सिंह ने नारियल फोड़कर किया। इस दौरान दिल्ली से आए सुंदर गोपाल दास नेकहा कि भगवान का रथ खींचने और उनके दर्शन करने मात्र से ही भक्तों पर विशेष कृपा होती है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा के बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता।शोभायात्रा में कृष्ण-बलराम
सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे थे। रथ को खींचने के लिए युवाओं, महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। चार अलग-अलग राकबैंड की धुनों और हरिनाम संकीर्तन के साथ श्रद्धालु झूमते-गाते आगे बढ़ते रहे। यात्रा में आठ आकर्षक झांकियां, ऊंट-घोड़े और विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।

रथयात्रा का जगह जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा मंडी चौक, अमरोहा गेट, कोतवाली, गंज, जेल रोड, जैन मंदिर, महिला थाना, देव विहार, पीएसी और सेल टैक्स मार्ग से होती हुई आरएसडी प्रांगण पहुंची, जहां विश्राम हुआ। पूरे रास्ते में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। यात्रा के गुरहट्टी चौराहा पहुंचने पर शहर के नामचीन एन के टेलर के स्वामी संजीव सक्सेना ने श्रद्धा भाव से स्वागत कर प्रसाद वितरण किया वहीं जैन मंदिर सिविल लाइंस के पास रोटरी क्लब मुरादाबाद एक्सिस की ओर से विशेष स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को चिप्स, शिकंजी, जीरसिप और चाकलेट वितरित किए गए। क्लब की अध्यक्ष रश्मि गोयल, संजय सिंघल, सुमित गुप्ता, विवेक गोयल और नेहा सिंघल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
