संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। मुरादाबाद में काफी लंबे समय से मुरादाबाद के अधिकतर गैस की एजेंसी डीलर नाॅन सब्सिडी कनेक्शनों को स्वयं के काउंटर पर मिली हुई सुविधा के माध्यम से बुक कराकर धड़ल्ले से ब्लैक कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि नाॅन सब्सिडी वाले कनेक्शन पर गैस बुक कराने के बाद डिलीवरी करते समय उपभोक्ता से किसी ओटीपी लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। और ओटीपी की आवश्यकता न होना ही गैस एजेंसी डीलरों के लिए ब्लैकमेलिंग का सबसे आसान तरीका है। बुकिंग प्रक्रिया पर सवाल ये उठता है कि जब आनलाइन बुकिंग करने की सुविधा है तो एजेंसी के काउंटर से बुकिंग करने की सुविधा क्यों दी हुई है। इस सुविधा का 100 प्रतिशत लाभ गैस डीलर ही उठा रहे हैं अपने काउंटर से बुक करके गैस की डिलीवरी दिखा देते हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि मुरादाबाद डिप्टी गंज स्थित एक गैस एजेंसी डीलर तो ऐसे है कि जब उन्होंने अपना धंधा शुरू किया था तब उनके यहाँ से 100 कनेक्शन बुक हुए थे कुछ समय बाद मुरादाबाद में ही हरपाल नगर स्थित नवजीवन ज्योति गैस एजेंसी डीलर के यहाँ से लगभग 3000 कनेक्शन डिप्टी गंज एचपी गैस एजेंसी डीलर को ट्रांसफर हो गये थे। कुछ जानकर दावा करते हैं कि डिप्टी गंज एचपी गैस एजेंसी डीलर के यहाँ 101 नं से लेकर 3100 नं तक के सभी कनेक्शन फर्जी है परन्तु अब तक के आये जिलापूर्ति अधिकारीयों से अच्छी सांठगांठ होने के कारण उसका आजतक कुछ नहीं बिगड़ पाया।

दावा यह भी है कि ट्रांसफर हुए कनेक्शनों पर डाक भेजकर 101 नं के उपभोक्ता से लेकर 3100 नं तक के उपभोक्ता के पते पर ऐड्रेस वेरिफिकेशन कराया जा सकता है। बशर्ते डाक वापसी आने का पता गैस एजेंसी डीलर का न होकर गैस कंपनी के सर्किल आफिस का हो। ये धंधा सिर्फ एक उस कनेक्शन ट्रांसफर हुए गैस एजेंसी डीलर के यहाँ ही नहीं हो रहा है। मुरादाबाद के अधिकतर गैस एजेंसी डीलरों के यहाँ नाॅन सब्सिडी वाले हजारों कनेक्शन फर्जी चल रहे हैं जिनके माध्यम से गैस ब्लैक होती है। सूत्र बताते हैं कि गांधी नगर स्थित इंडियन आॅयल और रामगंगा विहार स्थित भारत पेट्रोलियम के गैस एजेंसी डीलर के यहाँ भी नाॅन सब्सिडी वाले अधिकतर कनेक्शन फर्जी चल रहे हैं। इन सभी फर्जी कनेक्शनों का सत्यापन करने का तरीका यही ही है कि जिस गैस एजेंसी डीलर के यहाँ जितने भी नाॅन सब्सिडी वाले कनेक्शन है उन उपभोक्ताओं के पते पर डाक भेजकर ऐड्रेस वेरिफिकेशन कराया जाए। जितने फर्जी कनेक्शन होगें उन सबसे डाक लौटकर आ जायेगी सबकी डाक वापसी का पता गैस एजेंसी डीलर का न होकर गैस कंपनी के सर्किल आफिस का ही होना चाहिए। तब खुद दूध का दूध पानी का पाने हो जायेगा। मुरादाबाद में कभी भी गैस की कोई किल्लत नहीं होगी और जिलापूर्ति अधिकारी की परतें भी खुल जायेंगी। पूरे मामले में जिलापूर्ति अधिकारी से फोन पर बात करने की कोशिश की गई परंतु बात नहीं हो पाई।
