संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूहों के समस्त कैडर के मानदेय भुगतान से संबंधित पत्रावलियां अनिवार्य रूप से आगामी सोमवार तक जिला मिशन प्रबंधक कार्यालय को उपलब्ध करा दी जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कैडर का मानदेय लंबित पाया जाता है, तो संबंधित खंड विकास अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
हाउसहोल्ड सैचुरेशन के अंतर्गत प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक विकासखंड में न्यूनतम 1000 ऐसे पात्र राशन कार्ड धारकों की पहचान कर, जो अभी तक स्वयं सहायता समूहों से नहीं जुड़े हैं, उनका सत्यापन करते हुए उन्हें समूहों से जोड़ा जाए।


बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में 121 स्वयं सहायता समूह ऐसे हैं जिनके बैंक खाते एनपीए की श्रेणी में आ गए हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि ऐसे सभी समूहों का शीघ्र सत्यापन करते हुए उनकी रुकी हुई किश्तों का पुनः भुगतान प्रारंभ कराया जाए। इसके अतिरिक्त, सहायक विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वयं सहायता समूहों के 14,600 सदस्यों की फैमिली आईडी बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
इसके लिए ग्राम स्तर पर समूह सदस्यों का चिन्हांकन कर, ग्राम रोजगार सेवक एवं समूह सखी के माध्यम से जिन पात्र परिवारों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनके तत्काल राशन कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
बैठक में जिला मिशन प्रबंधक एवं उपायुक्त (स्वरोजगार), समस्त विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक उपस्थित रहे।
