नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। पाकबड़ा क्षेत्र में कैलसा रोड स्थित गांव फलैदा रेलवे फाटक के पास कुछ लोगों ने मंगलवार की शाम अधिवक्ता पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपितों ने अधिवक्ता पर फायर किया। इसके बाद ही मोबाइल लूटकर धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
छजलैट क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर विश्नोई निवासी अधिवक्ता देशराज सिंह मुरादाबाद कचहरी स्थित चैंबर नंबर-19 पर बैठते हैं। उन्होंने पाकबड़ा पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दिल्ली से आ रहे बच्चों को लेने के लिए वह अपनी कार से कैलसा रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव फ्लैदा रेलवे फाटक के पास एक अज्ञात ट्रक रेलवे लाइन के पास बन रही दीवार को तोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक के ठीक पीछे उनकी कार चल रही थी, जिसके चलते उन्हें कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही वहां कुछ लोग पहुंच गए और उन्होंने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और उन्हें कार से बाहर खींचकर पिटाई करने लगे। इसी दौरान एक हमलावरों ने फायरिंग की। गनीमत रही कि अधिवक्ता को गोली नहीं लगी। घटना के बाद हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि विवाद हुआ था, लेकिन फायरिंग और लूटपाट वाली बात अब तक की जांच में सामने नहीं आई है। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
