एस एस पी के आदेश पर तीन नामजद सहित पांच पर मुकदमा दर्ज

एक करोड़ 17 लाख की ठगी का मामला आया सामने

नेशन एक्सप्रेस इंडिया,

मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक महिला से मकान खरीदने के नाम पर 1 करोड़ 17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर नया गांव निवासी ज्योति शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने सिविल लाइंस की आशीयाना-2 एमडीए कॉलोनी स्थित मकान संख्या ए-2/103 खरीदने का सौदा किया था। इसके लिए उन्होंने अतुल कुमार वर्मा, शुभम वर्मा और श्रद्धा वर्मा को अलग-अलग तारीखों में कुल 1.17 करोड़ रुपये दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 17 जनवरी 2025 को भारतीय स्टेट बैंक की लाजपत नगर शाखा के खाते में 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए, जिसमें 3 लाख रुपये चेक और 22 लाख रुपये ऑनलाइन के माध्यम से भेजे गए थे। इस सौदे के लिए एक रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कराया गया था।
इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 6 लाख, 7 लाख, 3 लाख, 3 लाख, डेढ़ लाख, 50 हजार, 20 हजार, 9.61 लाख, 19.29 लाख (चेक), 14 लाख (चेक), 1 लाख और 10 हजार रुपये दिए जाने का आरोप है। इसके अतिरिक्त, 5,28,500 रुपये का स्टांप भी खरीदा गया था।
पीड़िता का आरोप है कि 26 दिसंबर 2025 को रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा तैयार कराया गया और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर व अंगूठें भी लगाए गए। हालांकि, रजिस्ट्री दर्ज होने से पहले ही आरोपी मौके से चले गए।
पीड़ित महिला के मुताबिक, यह रकम उन्होंने अपने जेवर बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर जुटाई थी। आरोप है कि बाद में जब उन्होंने पैसे वापस मांगे या बैनामा कराने की बात कही, तो आरोपियों ने अतिरिक्त रकम की मांग की। विरोध करने पर उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिविल लाइंस थाने में तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!