नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। न्यायालय परिषद में न्यायिक सेवाओं को डिजिटल और जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब अदालतों के आदेश की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए वादकारियों और अधिवक्ताओं को लंबा इंतजार या बार बार अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पडेंगे। न्यायालय परिसर में स्थापित ई सेवा केंद्र के माध्यम से आदेशों की प्रतिलिपि समेत कई आनलाइन न्यायिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जायेंगी। शनिवार को ई सेवा केंद्र का उद्घाटन न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने फीता काटकर किया। उन्होंने न्यायलय परिसर में पौधारोपण भी किया और न्यायिक सेवाएं के प्रचार प्रसार के लिए न्याय रथ जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में ई सेवा केंद्र महत्वपूर्ण कदम है। इससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को केस की जानकारी आदेशों की प्रतिलिपि आनलाइन सेवाएं और अन्य न्यायिक सुविधाएं आराम से मिल सकेंगी। ई सेवा केंद्र वादकारियों के साथ साथ अधिवक्ताओं के लिए भी लाभकारी साबित होगा। इसमें वर्चुअल कोर्ट संबंधित जानकारी वाहन चालान का भुगतान ई स्टांप दस्तावेजों की जानकारी, याचिकाओं की स्कैनिंग और फाइलिंग आनलाइन स्टांप खरीद, न्यायधीशों की छुट्टियों से जुड़ी जानकारी व निशुल्क विविध सहायता आदि सुविधाएं शामिल रहेंगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग से न्याय प्रक्रिया में तेजी आयेगी और लोगों का समय भी बचेगा। कार्यक्रम में जनपद के न्यायिक अधिकारी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और बडी़ संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला न्यायधीश सैय्यद माऊज बिन आसिम ने उनको स्मृति चिन्ह भेंट किया। एडीजे केके सिंह, एडीजे धनेंद्र सिंह, सीजेएम शवेता सिंह, मजिस्ट्रेट सर्वेश मिश्रा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष आंनद मोहन गुप्ता, महामंत्री कपिल गुप्ता, पीके गोस्वामी, कमाल अख्तर, महेश चंद त्यागी सुनील सक्सेना आदि मौजूद रहे।
