नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने दाऊदयाल खन्ना नगर (लाइनपार) क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसंवाद के दौरान क्षेत्रवासियों ने लाइनपार की जर्जर सड़कों तथा वर्षा ऋतु में होने वाले जलभराव की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय है और लोगों का आवागमन भी कठिन हो गया है।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से लाइनपार क्षेत्र में विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि कपूर कंपनी पुल से चौधरी चरण सिंह चौराहा तक मुख्यमंत्री ग्रिड (CM Grid) योजना के अंतर्गत सड़क के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है जो वर्षा ऋतु समाप्त होने के पश्चात पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद लाइनपार क्षेत्र का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और विकास सभी को स्पष्ट दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनता को कुछ समय के लिए असुविधा अवश्य होती है, लेकिन जब ये परियोजनाएँ पूर्ण हो जाती हैं तो वही विकास क्षेत्र की नई पहचान बनता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासी योगी सरकार के विकास कार्यों की सराहना करेंगे।
मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण प्रदेश में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विकास केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनता के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक का योगदान इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंत में उन्होंने कहा आइए, हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

