नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। 23 अप्रैल माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा गुरुवार को घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में मुरादाबाद जिले के होनहारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। जिले के कुल चार छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है। इस वर्ष जिले में हाईस्कूल की परीक्षा का परिणाम 91.41 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 87.45 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। आंकड़ों की बात करें तो हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल 37,415 परीक्षार्थियों में से 34,200 ने और इंटरमीडिएट में 37,669 परीक्षार्थियों में से 31,106 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
प्रदेश में गूंजा मुरादाबाद का डंका
यूपी बोर्ड की राज्य स्तरीय टॉप-10 सूची में जिले के तीन मेधावियों ने हाईस्कूल में और एक ने इंटरमीडिएट में अपना स्थान पक्का किया है। डॉ. डीपीएसवीएमआईसी बिलारी की छात्रा शिखा दक्षा ने 96.83 प्रतिशत अंकों के साथ हाईस्कूल में पूरे प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। वहीं, एमडीआईसी पट्टी मौढ़ा कांठ की कनक सिंह और पब्लिक इंटर कॉलेज पट्टी मौढ़ा कांठ के मोहम्मद जैद ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में संयुक्त रूप से 10वां स्थान अर्जित किया है। इंटरमीडिएट में कैसर जहां कयामुद्दीन इंटर कॉलेज मान नगर उर्फ कांठ के छात्र अभिषेक ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में सातवीं रैंक पाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
जिले की मेरिट में मेधावियों का शानदार दबदबा
इस वर्ष की परीक्षा में जिले की टॉप-10 मेरिट सूची में हाईस्कूल के 15 और इंटरमीडिएट के 12 परीक्षार्थियों ने कड़े मुकाबले के बाद अपनी जगह बनाई है। हाईस्कूल में जहां शिखा दक्षा पहले स्थान पर रहीं, वहीं कनक सिंह और मोहम्मद जैद ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बाबू राम शर्मा मेमोरियल आईसी लडावली के छात्र नितिन 95.83 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहे। इंटरमीडिएट की जिला टॉप-10 सूची में अभिषेक ने पहला, डॉ. डीपीएसवीएमआईसी बिलारी की जाह्नवी ने 94.40 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और इसी विद्यालय की कौशकी ने 93.40 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
सरकारी और एडेड स्कूलों ने भी दिखाई अपनी चमक
निजी स्कूलों के साथ-साथ राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा से सभी को चौंकाया है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हाईस्कूल) हुसैनपुर छिरावली की छात्रा उदिति ने हाईस्कूल की जिला टॉप-10 सूची में 94.50 प्रतिशत अंकों के साथ नवां स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह, इंटरमीडिएट की परीक्षा में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय एस०एस० इंटर कॉलेज मुरादाबाद के छात्र रोहित कुमार ने 90.80 प्रतिशत अंकों के साथ जिले की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान हासिल कर सरकारी व एडेड विद्यालयों का मान बढ़ाया है।

इंटरमीडिएट में जिले ने लगाई बड़ी छलांग
परीक्षा परिणामों के समग्र पास प्रतिशत और प्रदर्शन के आधार पर मुरादाबाद जिले ने इंटरमीडिएट के नतीजों में पूरे प्रदेश में शानदार 7वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। हालांकि, हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में जिले को प्रदेश स्तर पर 23वां स्थान प्राप्त हुआ है। मुरादाबाद के जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण दुबे ने इन उत्कृष्ट परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिले के सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डीएम बोले- बच्चों ने जिले का मान बढ़ाया, शिक्षा के स्तर को और बेहतर करेंगे
यूपी बोर्ड परीक्षा में मुरादाबाद जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया है। डीएम अनुज सिंह ने कहा कि हमारे जिले के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और मेधा से पूरे प्रदेश में मुरादाबाद का नाम रोशन किया है। राज्य की टॉप-10 सूची में जिले के 4 बच्चों का स्थान बनाना और इंटरमीडिएट में प्रदेश में 7वीं रैंक हासिल करना पूरे जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों, उनके परिजनों और गुरुजनों को इस बड़ी कामयाबी पर हार्दिक बधाई देता हूं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन छात्रों को सफलता नहीं मिल पाई है, वे कतई निराश न हों और आगे के लिए दोगुनी मेहनत करें। जिला प्रशासन जिले के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता और शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार काम करता रहेगा।
