अभिषेक गौड़,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल में सबसे खराब स्थिति में पहुंचा जिला मुरादाबाद 1400 में से कुल 205 स्कूल ही घोषित हो सके निपुण। 813 स्कूलों के साथ बिजनौर पूरे प्रदेश में छठे नंबर पर ओर मंडल में टॉप पर रहा।
माह फरवरी 2026 में पूरे प्रदेश के साथ ही मुरादाबाद में भी निपुण आकलन टेस्ट हुए थे। जिसमें डायट के प्रशिक्षुओं के द्वारा स्कूलों में जाकर कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों के शैक्षिक स्तर की जानकारी जुटाई गई और ऑनलाइन डेटा फीड किया गया था। जिसके उपरान्त कल 17 मार्च को घोषित हुए परिणाम के अनुसार पूरे प्रदेश में कुल 32480 स्कूल निपुण बन सके हैं। इसमें जिला मुरादाबाद 75 जिलों की सूची में 63 नंबर पर रहा और मंडल में सबसे नीचे। जो काफी खराब है। यहां कुल 1400 में से मात्र 205 स्कूल ही स्कूल निपुण बन सके।

इसके अलावा मंडल मुरादाबाद में रामपुर के 523, संभल के 497 और अमरोहा के 428 स्कूल निपुण घोषित हुए हैं। मुरादाबाद जिले की खराब हालत की वजह से यहां अधिकारियों की कार्य शैली और शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। जबकि समग्र शिक्षा अभियान में इस कार्य के लिए एआरपी, एसआरजी संकुल शिक्षकों आदि की लंबी चौड़ी फौज भी लगी हुई है। इसके बावजूद भी जिले की खराब स्थिति कुछ और ही हालत बयां कर रही है। जबकि शिक्षकों का कहना है कि इस बार
एसआईआर में व्यस्तता के चलते शिक्षा प्रभावित हुई है इसलिए ऐसा हुआ है। अब देखते हैं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी इस सम्बन्ध में क्या कार्यवाही करते हैं।
