होली जूलूस का स्वागत कर मुस्लिमों ने कायम की गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल

नेशन एक्सप्रेस इंडिया,

मुरादाबाद। महानगर में होली के मौके पर 84 घंटा मंदिर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक भव्य जुलूस निकाला गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें मुस्लिम समाज के लोगों को भी आमंत्रित किया गया था,जिससे गंगा-जमुनी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
जुलूस का आयोजन हिंदू मंडल व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुमार जॉनी, अतुल कुमार सोती और एडवोकेट सुप्रीत खन्ना के नेतृत्व में किया गया। यह जुलूस 84 घंटा मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। मार्ग में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां पुष्प वर्षा कर जुलूस का अभिनंदन किया गया।


हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष मोहम्मद नोमान मंसूरी ने अपनी टीम के साथ जुलूस का स्वागत किया। इस टीम में शन्नु, नौशाद वारसी, शाह आलम, मुख्तियार, सैय्यद राशिद अली, नसीम भाई और अनवार मालिक जैसे कई सदस्य शामिल थे। असालतपुरा चौराहे पर अतहर अंसारी ने भी जुलूस का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एडीएम सिटी ज्योति सिंह, सीओ सिटी सुनीता धय्या, सिटी मजिस्ट्रेट और अपर नगर आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली मुगलपुरा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल बना रहा। शहरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!