संजय शर्मा,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मुरादाबाद। मंडलायुक्त श्री आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर के ग्राम पंचायत इस्लामपुर रमपुरा के सचिवालय परिसर में ग्राम चौपाल आयोजित हुई।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का सत्यापन भी किया।
ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान स्थल तक संपर्क मार्ग न होने के कारण काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और कहा कि मा. मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी सार्वजनिक स्थलों तक संपर्क मार्ग अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को यथाशीघ्र संपर्क मार्ग बनवाने के संबंध में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण जनों की जलनिकासी की समस्या का भी गंभीरतापूर्वक समाधान कराने के निर्देश दिए।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को भेजने और उन्हें पढ़ाई की गुणवत्ता के बारे में उन्होंने ग्रामीणजनों से पूंछा और कहा कि अभिभावक बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें तथा दैनिक रूप से उनकी पढ़ाई के बारे में भी जानें।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पर जाने वाले बच्चों की संख्या और उन्हें विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पर दिव्यांग बच्चों के लिए गतिविधियों के बारे में भी पूंछा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर उन्होंने कहा कि मिट्टी के खिलौने बनाने की गतिविधि से बच्चों को जोड़े इससे वे तुलनात्मक रूप से ज्यादा सीखेंगे।
वैक्सीनेशन के संबंध में उन्होंने एएनएम से जानकारी ली और गांव में गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों की संख्या के बारे में पूंछा।

उन्होंने आमजन से कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों में सभी टीके समय से लगे, इसके प्रति सभी को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समय से टीकाकरण से बच्चों को गंभीर बीमारियों और स्थाई दिव्यांगता से बचाया जा सकता है। कुपोषण से भी बचाव जरूरी है। गांव में टीबी के मरीजों की संख्या के बारे में उन्होंने जानकारी ली और कहा कि टीबी की समय से पहचान के लिए लक्षण दिखाई देने पर जांच जरूर कराएं।
टीबी की जांच निःशुल्क उपलब्ध है और निर्धारित दवाइयां टीबी रोगी को डॉक्टर की सलाह के अनुसार जरूर लेनी चाहिए। टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है परंतु सभी को जागरूक होना जरूरी है सरकार निःशुल्क इलाज मुहैया करा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छ शौचालय का प्रयोग करें, विशेष रूप से महिलाओं को महिलाओं को शौचालय के प्रयोग और अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां हो स्वस्थ बच्चे को जन्म देती है। इसलिए बच्चे के स्वस्थ होने के लिए मां का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है।
उन्होंने राशन वितरण, विद्युत आपूर्ति, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, पेंशन आदि योजनाओं के बारे में ग्रामीण जनों से जानकारी ली।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर आयुक्त श्री अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर श्री गजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
