राम निवास सारस्वत,
नेशन एक्सप्रेस इंडिया,
मथुरा। केंद्रीय विद्यालय से परीक्षा के बाद 38 छात्र-छात्राओं को लेकर लौट रही बस के नीचे से धुआं उठ रहा था। इससे अनजान ड्राइवर बरेली हाईवे पर बस को पूरी रफ्तार से दौड़ा रहा था। पीछे से कार से आ रहे दारोगा ने सतर्कता दिखाई। बार-बार हार्न बजाने के बाद जब बस नहीं रुकी तो ओवरटेक कर कार को आगे लगा दिया। आनन-फानन में सभी छात्र-छात्राओं को बस से उतारकर दूर खड़ा किया। इसके थोड़ी देर बाद ही आग भड़क गई और पूरी बस को चपेट में ले लिया। अग्निशमन की गाड़ी पहुंचने तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बुधवार दोपहर दो बजे हुई घटना से छात्र-छात्राएं बुरी तरह सहम गए।

बलदेव पब्लिक स्कूल के 12वीं के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र 25 किमी दूर बाद स्थित केंद्रीय विद्यालय बनाया गया है। बुधवार को परीक्षा केबाद दोपहर दो बजे छात्र-छात्राओं को लेकर बस लौट रही थी। रिफाइनरी
थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे पर चढ़ते ही करीब स्कूल बस के आगे के हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। इससे अनजान ड्राइवर रामदुलारे बस को दौड़ा रहा था।
इसी बीच मांट थाने के दारोगा सतेंद्र सिंह अपनी कार से लौट रहे थे।बस से निकलता धुआं और मेटल के जलते टुकड़े देखकर उन्होंने बस को रोकने के लिए हार्न बजाना शुरू किया, लेकिन ड्राइवर ने नहीं सुनी। दारोगा ने ओवरटेक कर कार आगे लगाकर बस को रुकवाया। छात्र-छात्राओं को उतरवाया और दूर खड़ा कर दिया। पांच मिनट में पूरी बस ने आग पकड़ ली। यह देख छात्र– छात्राएं दहशत में आ गए और हाईवे पर एक तरफ का आवागमन थम गया। एएसपी जयविंद गुप्ता नें बताया कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि वायरिंग में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गेयर बाक्स के समीप आग लगी थी। दारोगा की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से बच गया। दूसरे वाहन से सभी छात्र-छात्राओं को घर भेज दिया गया। एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि बस पांच साल पुरानी है। सभी दस्तावेज ठीक पाए गए।
