नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद के मनन सभागार में आज मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित हुई। यह बैठक राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें सभी शाखा अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान मंडल की अर्धवार्षिक राजभाषा पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ के नवीनतम अंक का मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विमोचन किया गया। इस पत्रिका में मुरादाबाद मंडल की प्रमुख उपलब्धियों और गतिविधियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के साहित्यिक, रचनात्मक और वैचारिक लेखों को शामिल किया गया है।अपने संबोधन में श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने हिंदी के प्रचार-प्रसार में नागरी प्रचारिणी सभा के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग केवल संवैधानिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रशासनिक दक्षता और जनसंपर्क को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने रेल कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि हिंदी को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण, कार्यशाला और प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों से दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिक प्रयोग करने की अपील की।बैठक में अधिकारियों ने राजभाषा के प्रयोग को और प्रभावी बनाने पर सुझाव दिए और राजभाषा पखवाड़ा के कार्यक्रमों की समीक्षा की।बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, राजभाषा अधिकारी अशोक कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


