नेशन एक्सप्रेस इंडिया संवाद,
मुरादाबाद। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद में आज राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मंडल के विभिन्न विभागों के रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला में दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर सतेन्द्र शुक्ला मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक शासकीय कार्यों में हिंदी के सहज, सरल और प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया।शुक्ला ने हिंदी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, व्यावहारिक उपयोगिता और कार्यालयीन कार्यों में इसकी बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाता है और नागरिकों से संवाद को भी अधिक प्रभावी बनाता है।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग, कार्यालयीन पत्राचार, टिप्पण लेखन और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया और मंडल में राजभाषा हिंदी के शत-प्रतिशत प्रभावी कार्यान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।


